शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के संगठन विस्तार अभियान को उस समय नई मजबूती मिली, जब सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के 50 से अधिक युवाओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का साथ छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में युवाओं ने भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, सुशासन और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि युवाओं का पार्टी से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर समाज का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
भाजपा नेता जयराम गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा दलित समाज के सम्मान, सुरक्षा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में दलित छात्रों की छात्रवृत्ति वितरण में भेदभाव किया गया और दलित उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दलित, पिछड़े, गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा की विकासवादी सोच पर विश्वास जता चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर देगी।
सदस्यता ग्रहण करने वाले युवाओं ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं तथा राष्ट्रहित की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के दौरान निशांत गागलहेड़ी, जीतू सिंह हरियाबांस, सिद्धार्थ उग्राहू, अभिषेक, जोनी कैलाशपुर, मोनू सहित सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के 50 से अधिक युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी नए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में पार्टी को इसका सकारात्मक लाभ मिलेगा।








