Saharanpur News: व्यापारियों की एकजुटता ही सुरक्षा और सम्मान की गारंटी – घनश्याम दास गर्ग, रामपुर मनिहारान में व्यापार मंडल की समीक्षा बैठक

Saharanpur : रामपुर मनिहारान में सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने व्यापारियों की एकजुटता, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

रामपुर मनिहारान (सहारनपुर) दैनिक शहरी चौपाल । सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की नगर इकाई की वार्षिक समीक्षा बैठक गुरुवार को नगर के इस्लामनगर रोड स्थित नवीन गुप्ता (सिंहखेड़ा) के प्रतिष्ठान पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान, व्यापारियों की समस्याओं तथा संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा तभी संभव है, जब व्यापारी एकजुट होकर मजबूत संगठन का निर्माण करेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों के सामने अनेक प्रकार की चुनौतियां हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यापारी का दायित्व है कि वह संगठन से जुड़े और अन्य व्यापारियों को भी जोड़ने का कार्य करे। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने पर बल देते हुए कहा कि जितना मजबूत संगठन होगा, उतनी ही प्रभावी ढंग से व्यापारियों की आवाज शासन और प्रशासन तक पहुंचेगी।

घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि संगठन केवल चुनाव या कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यापारियों के सुख-दुख का साथी बनकर उनकी हर समस्या के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करना और उनके सम्मान को बनाए रखना है। यदि व्यापारी संगठित रहेंगे तो किसी भी समस्या का समाधान सामूहिक प्रयासों से आसानी से कराया जा सकता है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव (संगठन) सुभाष धीमान ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और सदस्य को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे संगठन की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें और नए सदस्यों को जोड़कर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाएं।

जिलाध्यक्ष जयवीर राणा ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया जा रहा है और भविष्य में भी यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ गारमेंट व्यापारी संदीप मित्तल ने की, जबकि संचालन नगराध्यक्ष नवीन गुप्ता ने किया। समीक्षा बैठक में नगर इकाई की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों और सदस्यता अभियान की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर व्यापार मंडल की जिला युवा इकाई के महासचिव दिव्य लोक त्यागी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज, नितिन छाबड़ा, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गोयल, कोषाध्यक्ष विभोर गुप्ता, शिव कुमार पंवार, जितेंद्र पंवार, अनूप सिंह सैनी, विकास सैनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों के हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य