फैय्याज अली आब्दी
नानौता (सहारनपुर) । उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, जनपद सहारनपुर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को गंगोह रोड स्थित किसान सेवक इंटर कॉलेज में आयोजित की गई। बैठक में कार्यवाहक प्रधानाचार्यों के स्थायीकरण, शिक्षकों की सुरक्षा तथा जनपद के विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार की गई। परिषद पदाधिकारियों ने जे.जे. इंटर कॉलेज, चिलकाना के वरिष्ठ प्रवक्ता बिजेंद्र कुमार पर असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
बैठक की अध्यक्षता परिषद के जिलाध्यक्ष एवं गोचर कृषि इंटर कॉलेज, रामपुर मनिहारान के प्रधानाचार्य राजबीर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि कार्यवाहक प्रधानाचार्यों के स्थायीकरण का मुद्दा लंबे समय से लंबित है, जिसका शीघ्र समाधान होना चाहिए। इसके लिए परिषद शासन स्तर तक अपनी मांग को मजबूती से उठाएगी और आवश्यक रणनीति के तहत आगे की कार्रवाई करेगी।
परिषद के महामंत्री एवं एसएएम इंटर कॉलेज, सहारनपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि शिक्षकों की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि किसी शिक्षक के साथ अन्याय या हिंसा होती है तो परिषद उसके समर्थन में मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने जे.जे. इंटर कॉलेज चिलकाना के वरिष्ठ प्रवक्ता बिजेंद्र कुमार पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
बैठक के दौरान परिषद के कोषाध्यक्ष एवं तल्हेड़ी बुजुर्ग इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अनूप सिंह ने परिषद का वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद जनपद के विभिन्न विद्यालयों से जुड़े प्रशासनिक, शैक्षिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। पदाधिकारियों ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी अपने सुझाव दिए।
मेजबान प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीण मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे संवाद और बैठकों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलती है तथा शिक्षकों के बीच समन्वय बढ़ता है। उन्होंने परिषद की एकजुटता को शिक्षा जगत के हित में महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में डॉ. नरेश चंद चमोली, बृजवीर सिंह, दीपक गुप्ता, डॉ. अमरदीप पुंडीर, अनिल कुमार, विपिन चंद, नेत्रपाल, श्रीमती सविता, विक्रम, हेम सिंह, दीपक श्रीवाल, धर्मेंद्र कुमार, नरेश कुमार पुंडीर (प्रधान लिपिक) सहित बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य एवं परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे।








