Saharanpur News: छुटमलपुर के अभिनव सैनी ने कजाकिस्तान में जीता एशियाई जू-जित्सु चैंपियनशिप का कांस्य पदक, क्षेत्र का बढ़ाया मान

सहारनपुर के छुटमलपुर निवासी अभिनव सैनी ने कजाकिस्तान के अलमाटी में आयोजित तीसरी एशियाई जू-जित्सु चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इससे पहले श्रीलंका में गोल्ड सहित कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं।

अमित कुमार 

छुटमलपुर (सहारनपुर) दैनिक शहरी चौपाल। कस्बा छुटमलपुर के होनहार खिलाड़ी अभिनव सैनी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का तिरंगा बुलंद किया है। कजाकिस्तान की राजधानी अलमाटी में 13 जुलाई से आयोजित तीसरी एशियाई जू-जित्सु चैंपियनशिप में अभिनव ने कांस्य पदक जीतकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सहारनपुर और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

अभिनव सैनी, छुटमलपुर निवासी दिनेश सैनी के पुत्र हैं। कम उम्र में ही उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। खेल जगत में उनकी उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

इससे पहले अभिनव ने 10 से 12 अप्रैल तक श्रीलंका में आयोजित साउथ एशियन जू-जित्सु चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। वहीं जनवरी में पटना में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक जीता। इसके अलावा सीबीएसई नॉर्थ जोन जूडो चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक हासिल किया तथा थाईलैंड में आयोजित युवा एशियाई जू-जित्सु प्रतियोगिता में पांचवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

अभिनव की लगातार सफलताओं से छुटमलपुर सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वरिष्ठ भाजपा नेता उपेंद्र सैनी, नगर पंचायत व्यापार मंडल अध्यक्ष मांगेराम शर्मा, पंजाबी सेवा समिति अध्यक्ष नवीन खुराना, फ्रेश क्लब अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कविराज चौधरी, पूर्व गन्ना समिति अध्यक्ष ठाकुर जसवीर सिंह, वैदिक शिव सत्संग मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज बंसल, राजीव पराशर, संदीप रुहेला सहित अनेक सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अभिनव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

परिजनों ने बताया कि अभिनव की इस उपलब्धि से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों का बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। स्थानीय व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों ने घोषणा की है कि अभिनव के छुटमलपुर पहुंचने पर उनका भव्य नागरिक सम्मान किया जाएगा।

खेल प्रेमियों का कहना है कि अभिनव सैनी जैसे युवा खिलाड़ी क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि प्रतिभा को सही दिशा और मेहनत मिले तो छोटे कस्बों से भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं। अभिनव की उपलब्धि ने सहारनपुर के खेल जगत को नई पहचान दिलाई है और युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाया है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य