Shamli News: ऑपरेशन सवेरा के तहत कैराना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 लाख रुपये की 314 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

शामली के कैराना में ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस ने 314 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू।

शामली (दैनिक शहरी चौपाल) । सहारनपुर परिक्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत शामली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कैराना थाना पुलिस ने एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 314 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के नेतृत्व में थाना कैराना पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम भूरा के जंगल स्थित आम के बाग में बने एक बरामदे पर छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मनव्वर पुत्र नजीरा, निवासी ग्राम भूरा, थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 314 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना कैराना में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके लिए तस्करी नेटवर्क की फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक सतीश सिंह, हेड कांस्टेबल यतेन्द्र, कांस्टेबल अरुण कुमार सहित थाना कैराना पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

शामली पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन सवेरा” के माध्यम से जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा और नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य