अमित उपाध्याय
सहारनपुर (दैनिक शहरी चौपाल)। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चिलकाना पुलिस ने रविवार को व्यापक विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम, मिशन शक्ति एंटी रोमियो अभियान तथा शांति व्यवस्था भंग करने के मामलों में कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम स्मैक, 328 ग्राम चरस, 112 बोतल/फ्रूटी अवैध शराब तथा तीन नाजायज चाकू बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई सहारनपुर परिक्षेत्र में पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें एक आरोपी के कब्जे से 12 ग्राम अवैध स्मैक तथा तीन अन्य आरोपियों से कुल 328 ग्राम चरस बरामद की गई। सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 104 फ्रूटी उत्तर प्रदेश मार्का देशी शराब और आठ बोतल हरियाणा मार्का देशी शराब बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
आयुध अधिनियम के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन नाजायज चाकू बरामद किए गए। वहीं मिशन शक्ति के अंतर्गत एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में चार अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम और चोरी जैसे मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सहारनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।








