शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर (दैनिक शहरी चौपाल) । माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह मंगलवार, 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे सेठ गंगा प्रसाद माहेश्वरी सभागार (जनमंच), गांधी पार्क में आयोजित होगा। समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला वाई ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
कुलपति ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सुमीर बोबडे, विशेष कार्याधिकारी एवं अतिरिक्त विशेष सचिव (कुलाधिपति) भी उपस्थित रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), मोहाली के प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी दीक्षांत भाषण देंगे।
प्रो. विमला वाई ने बताया कि इस वर्ष विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के 22,315 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 7,582 छात्र तथा 14,733 छात्राएं शामिल हैं। सभी उपाधियों को डिजीलॉकर में भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाणपत्र प्राप्त हो सकेंगे।
दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए कुल 99 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 87 कुलपति स्वर्ण पदक, 6 कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा 6 प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं। कुल 28 छात्र और 71 छात्राओं को यह सम्मान मिलेगा, जो उच्च शिक्षा में छात्राओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों को दर्शाता है।
विश्वविद्यालय द्वारा छह प्रायोजित स्मृति स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे। इनमें भूगोल, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, राजनीति विज्ञान, एमबीए (एआई एवं एमएल) तथा हिंदी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी जाएगी। कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियों को 100 किट वितरित करेंगी। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच गांवों के विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छह विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों के छात्र पर्यावरण संरक्षण एवं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के तीन उत्कृष्ट शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रो. राजबीर सिंह (गोचर महाविद्यालय, रामपुर मनिहारान), डॉ. रोहित राणा (आर.के. पीजी कॉलेज, शामली) तथा डॉ. सुदर्शन मिश्रा (गोचर महाविद्यालय, रामपुर मनिहारान) शामिल हैं।
कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह से पूर्व विश्वविद्यालय परिसर में 29 जून से दीक्षोत्सव का आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत काव्य लेखन, निबंध लेखन, चित्रकला, लोकनृत्य, भाषण प्रतियोगिताएं, पारंपरिक खेल, रक्त जांच शिविर तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों में विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण होने का दावा करते हुए इसे विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का ऐतिहासिक और यादगार अवसर बताया है।








