Meerut News: कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों पर मेरठ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, मुख्य सचिव और डीजीपी ने दिए निर्देश

मेरठ में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सोशल मीडिया निगरानी और अंतरराज्यीय समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

 मेरठ ( दैनिक शहरी चौपाल ) । आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को आयुक्त सभागार, मेरठ में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर, सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह सहित विभिन्न जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी अभिषेक सिंह ने सहारनपुर परिक्षेत्र में कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए सुरक्षा व्यवस्था, कांवड़ मार्गों पर पुलिस तैनाती, यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की जानकारी दी।

बैठक में पूर्व वर्षों के अनुभवों के आधार पर भीड़ प्रबंधन, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाए तथा फेक न्यूज या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अंतरराज्यीय समन्वय, सूचना आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई के विभिन्न बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराया जा सके। मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य