शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर (दैनिक शहरी चौपाल)। थाना सरसावा पुलिस ने युवक विपिन हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और व्यक्तिगत रंजिश कारण रही। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त गमछा, मृतक की मार्कशीट और आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि 17 जुलाई को ग्राम कुतुबपुर निवासी बृजपाल ने थाना सरसावा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि निक्की, राहुल, मननू और विशाल ने उसके पुत्र विपिन के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा एवं उपनिरीक्षक देवेंद्र पाल तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो वांछित आरोपियों मोबिन पुत्र मोहम्मद आबिद निवासी कुतुबपुर तथा रहमान पुत्र निजामुद्दीन निवासी चंदेरी, जिला शामली को नकुड़-शाहजहांपुर मार्ग स्थित टाबर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी मोबिन ने बताया कि मृतक विपिन उसका दोस्त और रिश्तेदार भी था। आरोप है कि विपिन उसकी मौसी की बेटी से बातचीत करता था, जबकि वह स्वयं उस युवती से विवाह करना चाहता था। कई बार मना करने के बावजूद बातचीत बंद नहीं होने पर उसने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस का दावा है कि योजना के तहत 17 जुलाई को मोबिन ने रहमान के साथ मिलकर विपिन को फोन कर खेत में बुलाया। वहां पहले तीनों ने नशा किया और बाद में गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गमछा तथा मृतक के आधार कार्ड और मार्कशीट बरामद कर ली। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।








