शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर दैनिक शहरी चौपाल। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में शिविर संचालकों और डीजे संचालकों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सहारनपुर के अलावा हरियाणा के यमुनानगर, करनाल सहित आसपास के जनपदों से आए शिविर संचालकों एवं डीजे निर्माताओं ने भी भाग लिया।

गोष्ठी में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी शिविर संचालकों को शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि प्रत्येक कांवड़ शिविर में श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। शिविरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी कैमरों और सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
प्रशासन ने डीजे संचालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि डीजे की ऊंचाई एवं ध्वनि का स्तर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखा जाए। किसी भी स्थिति में निर्धारित सीमा से अधिक आवाज या नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्देश यह रहा कि कांवड़ यात्रा में बजाए जाने वाले सभी भक्ति गीतों की पेन ड्राइव संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) के पास पहले से जांच एवं अनुमोदन के लिए जमा करानी होगी। पुलिस की अनुमति मिलने के बाद ही उन्हीं स्वीकृत भक्ति गीतों का प्रसारण किया जा सकेगा। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बनाए रखना तथा किसी भी प्रकार के विवाद या अफवाह की स्थिति को रोकना है।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने शिविर संचालकों से कहा कि शिविरों के बाहर अनावश्यक भीड़ या वाहनों का जमावड़ा न होने दें। श्रद्धालुओं को केवल निर्धारित कांवड़ मार्ग का ही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे यातायात सुचारु बना रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शिविर संचालकों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन और पुलिस की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। सुरक्षा, चिकित्सा, बिजली, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में शिविर संचालक तत्काल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में सभी शिविर संचालकों और डीजे संचालकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।








