शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह सहित सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कांवड़ यात्रा की तैयारियों और मंडल की कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, साफ-सफाई, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
समीक्षा बैठक में मंडल के तीनों जनपदों की कानून व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई। अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, असामाजिक तत्वों पर निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कांवड़ियों और आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा यात्रा को निर्विघ्न और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।
बैठक में सहारनपुर मंडल के तीनों जिलों के अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों और कानून व्यवस्था के संबंध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और पुलिस के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।








