शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच बुधवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान दानिश उर्फ दाना पुत्र अब्दुल, निवासी मोहल्ला मजर हसन, थाना चिलकाना के रूप में हुई है, जो थाना चिलकाना का प्रचलित हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को थाना चिलकाना पुलिस संघमौर और महेश्वरी कलां रजवाहे के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भोजपुर ताजपुरा की ओर भाग निकला।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने बाइक चकरोड पर छोड़ दी और गन्ने के खेत में छिप गया। पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार दानिश उर्फ दाना के विरुद्ध 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह थाना चिलकाना के मुकदमा अपराध संख्या 238/2026 में वांछित चल रहा था।
घटनास्थल से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियार और वाहन के संबंध में भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। पुलिस पर फायरिंग किए जाने के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी घायल हुआ। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
जनपद पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।








