शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, दैनिक शहरी चौपाल। शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए बुधवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने वार्ड संख्या 46 एवं वार्ड संख्या 6 के अंतर्गत बद्रीधाम कॉलोनी में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से स्थापित 15 एचपी क्षमता के पंप का लोकार्पण किया। इसके साथ ही वर्धमान कॉलोनी एवं हलालपुर क्षेत्र में करीब 38.65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सड़क, नाले एवं नाली निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर, नगर निगम के उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। महापौर ने सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ विधिवत गेंती चलाकर किया और विकास कार्यों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण का भरोसा दिलाया।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेज गति से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में भी सड़क, नाली, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य शहर को आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित महानगर के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि बद्रीधाम कॉलोनी में लगाए गए 15 एचपी क्षमता के पंप से जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में काफी राहत मिलेगी। वहीं वर्धमान कॉलोनी और हलालपुर में बनने वाली नई सड़कें, नालियां और नाले स्थानीय लोगों के लिए बेहतर आवागमन और जल निकासी की सुविधा सुनिश्चित करेंगे।
नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि प्रदेश सरकार की विकासोन्मुख नीतियों के कारण सहारनपुर में लगातार नई परियोजनाएं शुरू हो रही हैं। उन्होंने कहा कि महानगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं ताकि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने महापौर, नगर विधायक एवं पार्षदों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से लंबित विकास कार्यों के शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर, पार्षद मुकेश गक्खड़, ज्योति अग्रवाल, सुखबीर वर्मा, नामित पार्षद निशांत शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि विनोद कुमार सैनी एवं नवीन अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय वर्मा और मनुज तायल, मंडल प्रभारी अनेश शर्मा, बूथ अध्यक्ष राहुल एवं पुनीत, निधि धीमान, संजय जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में जल निकासी, सड़क संपर्क और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे स्थानीय लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिलेगा।








