Saharanpur News: भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में गूंजा ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ का मंत्र, शीतल विश्नोई ने सौंपी चुनावी जिम्मेदारी

सहारनपुर में भाजपा महानगर के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन मजबूती, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावों की रणनीति पर मंथन हुआ। शीतल विश्नोई, राजीव गुंबर और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।

धर्मेंद्र कुमार अनमोल

सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल। भारतीय जनता पार्टी महानगर सहारनपुर द्वारा नगर एवं देहात विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्षों का विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “बूथ जीता, चुनाव जीता” रहा, जिसके माध्यम से बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताते हुए उन्हें आगामी चुनावों की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। नगर विधानसभा का सम्मेलन सेठ गंगा प्रसाद माहेश्वरी जनमंच सभागार में तथा देहात विधानसभा का सम्मेलन विरासत वेंकट हॉल, मुजफ्फरनगर रोड, गागलहेड़ी में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

नगर विधानसभा सम्मेलन में मुख्य वक्ता पूर्व जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर विजय शुक्ला तथा देहात विधानसभा सम्मेलन में सतेंद्र तोमर ने बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक बूथ मजबूत होगा तो चुनावी जीत स्वतः सुनिश्चित होगी। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से बूथ समितियों का सक्रिय गठन एवं सत्यापन, पन्ना प्रमुखों को सक्रिय रखने, मतदाता सूची का नियमित अध्ययन करने, प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं और नए मतदाताओं को संगठन से जोड़ने पर भी विशेष बल दिया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन इसलिए है क्योंकि उसकी नींव बूथ स्तर तक मजबूत है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष केवल संगठन के पदाधिकारी नहीं बल्कि पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों को आगामी चुनावों में अपने-अपने बूथ पर विजय सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और संगठन की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाए।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि बूथ स्तर पर मतदाता सूची का गहन अध्ययन, लाभार्थियों से निरंतर संपर्क, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भाजपा की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश और देश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।

महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह तथा पूर्व महापौर संजीव वालिया ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित और समर्पित संगठन है। बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की मेहनत ही चुनावी जीत की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार जनसंपर्क बनाए रखने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने का आह्वान किया।

सम्मेलन में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, मतदाता संपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता से संवाद स्थापित करें और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थियों से नियमित संपर्क बनाए रखें। इससे संगठन और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

इस अवसर पर महानगर महामंत्री सरदार सुपनीत सिंह, ललित कटारिया, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, योगेश कुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा, अमित गगनेजा, हेमंत अरोड़ा, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री नूतन शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष अमित गर्ग, दुष्यंत यादव, मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता, सभी मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, पार्षद तथा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में प्रत्येक बूथ पर भाजपा को विजय दिलाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह, अनुशासन और जोश पूरे समय देखने को मिला।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य