धर्मेंद्र कुमार अनमोल
सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल। भारतीय किसान यूनियन (वर्मा) ने नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में दिल्ली कूच का ऐलान किया है। संगठन के प्रदेश महासचिव आसिम वर्मा ने कहा कि छात्रों की आवाज को लाठी, आंसू गैस और बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन वर्मा हमेशा किसानों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ भी पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी।
भाकियू वर्मा के कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव आसिम वर्मा ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मामले ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। ऐसे में न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़ना और बल प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है।
आसिम वर्मा ने कहा कि छात्र अपने भविष्य की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को बल प्रयोग से नहीं दबाया जा सकता। यदि युवाओं की मांगों को गंभीरता से नहीं सुना गया तो इसका व्यापक विरोध होगा।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
बैठक में आसिम वर्मा ने घोषणा की कि भारतीय किसान यूनियन वर्मा छात्रों के समर्थन में दिल्ली कूच करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य छात्रों की आवाज को मजबूती देना और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन वर्मा हमेशा संवैधानिक दायरे में रहकर किसानों, युवाओं और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी।
बैठक की अध्यक्षता मंडल प्रभारी ने की। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता आसिम वर्मा के नेतृत्व में दिल्ली कूच कर छात्रों के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री अब्दुल सत्तार ने किया।
इस अवसर पर महबूब, शादाब, सद्दाम, शोकीन, खालिद मलिक, वाली उल्लाह, मोहम्मद हसीब एडवोकेट, इकबाल ठेकेदार, सलमान, मोहम्मद हसीन, रजत शर्मा, रोहित सैनी, बिलाल, मोहसिन, इस्माइल खान, शहनजर, जाबिर, अय्यूब सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








