शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर परिक्षेत्र पुलिस ने सोशल मीडिया निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह ने बुधवार को सहारनपुर परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के राजपत्रित अधिकारियों एवं सोशल मीडिया सेल प्रभारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें, भ्रामक पोस्ट, अफवाह या दुष्प्रचार फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
बैठक में डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली प्रत्येक सूचना पर सतर्क एवं सक्रिय निगरानी रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सॉफ्टवेयर ‘मैट्रिक्स’ का प्रभावी एवं निरंतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना का समय रहते पता लगाया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि कांवड़ यात्रा से संबंधित कोई फर्जी वीडियो, भ्रामक पोस्ट, अफवाह या फेक नैरेटिव सामने आता है तो उसका तत्काल सत्यापन किया जाए। सत्यापन के बाद बल्क रिप्लाई के माध्यम से तथ्यात्मक जानकारी साझा कर अफवाहों का तुरंत खंडन किया जाए, जिससे आमजन में किसी प्रकार का भ्रम या तनाव उत्पन्न न होने पाए।
डीआईजी ने सोशल मीडिया सेल प्रभारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया हैंडल्स की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या लोगों को गुमराह करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ‘मैट्रिक्स’ सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्राप्त होने वाले सभी पोस्ट, शिकायतों, सुझावों और आम नागरिकों द्वारा साझा की गई सूचनाओं पर समयबद्ध एवं तथ्यात्मक जवाब दिया जाए। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जनपदों के अधिकारियों से तत्काल समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ऑनलाइन समीक्षा बैठक में तीनों जनपदों के राजपत्रित अधिकारी, सोशल मीडिया सेल प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया प्रबंधन, सूचना सत्यापन, अफवाह नियंत्रण तथा त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं का कानून-व्यवस्था पर सीधा प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग और त्वरित प्रतिक्रिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की अफवाह या दुष्प्रचार को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जाएगा।








