Saharanpur News: सदर बाजार पुलिस की मुठभेड़ में दो झपटमार गिरफ्तार, महिला से छीना गया कुंडल व अवैध हथियार बरामद

सहारनपुर के सदर बाजार थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से महिला का छीना गया कुंडल, तमंचा, कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई।

सहारनपुर। सदर बाजार थाना पुलिस ने महिला से झपटमारी की घटना का सफल खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का छीना गया सोने का कान का कुंडल, अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। दोनों आरोपी पहले भी झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को न्यू आवास विकास निवासी रजनी गुप्ता ने थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूटी सवार दो युवकों ने उनके कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 22 जुलाई को थाना प्रभारी निरीक्षक चन्द्रसैन सैनी पुलिस टीम के साथ दिल्ली रोड स्थित छिदबाना कट पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उनका पीछा जारी रखा। न्यू आवास विकास तिराहे के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसके बाद घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित सैनी उर्फ छोटू निवासी शारदा नगर तथा आयुष शर्मा निवासी शारदा नगर, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से महिला से छीना गया कान का कुंडल, एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो प्लेजर स्कूटी बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आर्थिक तंगी के चलते अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी करते थे। वारदात के समय लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास तमंचा और चाकू रखते थे। 20 जुलाई को भी उन्होंने योजना बनाकर महिला के कान से कुंडल छीना था और अब उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में निकले थे।

जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी रोहित सैनी के खिलाफ पूर्व में भी झपटमारी के कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आयुष शर्मा पर भी इसी प्रकार के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमे में नई धाराएं बढ़ाते हुए आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में झपटमारी, लूट और चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य