शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल। नगर निगम सहारनपुर ने शहर के सभी व्यापारियों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अगले सप्ताह से व्यावसायिक लाइसेंस की सघन जांच अभियान चलाने की घोषणा की है। अभियान के दौरान बिना वैध व्यवसायिक लाइसेंस के व्यापार करते पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम द्वारा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में मौके पर ही जुर्माना वसूलने के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों को राहत देते हुए लाइसेंस बनवाने और नवीनीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाया है। अब व्यवसायियों को निगम मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि वे अपने संबंधित जोन कार्यालय में ही आवेदन कर लाइसेंस बनवा सकेंगे। इस नई व्यवस्था की शुरुआत जोन-2 हकीकत नगर से की गई, जहां पहले ही दिन आठ व्यवसायियों को लाइसेंस जारी किए गए तथा लगभग 58 हजार रुपये का राजस्व नगर निगम के खाते में जमा हुआ।
नगर निगम के जोन-2 प्रभारी एवं पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि नगर निगम शहर में व्यवस्थित व्यापार व्यवस्था और राजस्व संग्रह को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक लाइसेंस प्रत्येक व्यापारिक प्रतिष्ठान के लिए अनिवार्य है और इसके बिना व्यापार करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जोन-2 हकीकत नगर के अलावा जोन-1 नुमाइश कैंप और जोन-3 मनोहरपुर में भी व्यवसायिक लाइसेंस बनाने एवं नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इस व्यवस्था से व्यापारियों को समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य व्यापारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें समय रहते नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। इसलिए पहले लाइसेंस बनाने की सुविधा जोन स्तर पर उपलब्ध कराई गई है और उसके बाद पूरे शहर में व्यापक जांच अभियान शुरू किया जाएगा।
नगर निगम ने सभी दुकानदारों, प्रतिष्ठान संचालकों, होटल, रेस्टोरेंट, गोदाम, शोरूम एवं अन्य व्यवसायियों से अपील की है कि वे अपने-अपने जोन कार्यालय में पहुंचकर शीघ्र व्यवसायिक लाइसेंस बनवा लें अथवा उसका नवीनीकरण करा लें। इससे वे भविष्य में किसी प्रकार के जुर्माने, नोटिस या कानूनी कार्रवाई से बच सकेंगे।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अगले सप्ताह शुरू होने वाले इस अभियान में विभिन्न टीमों का गठन किया जाएगा, जो शहर के अलग-अलग बाजारों और व्यवसायिक क्षेत्रों में निरीक्षण करेंगी। जांच के दौरान वैध लाइसेंस, नवीनीकरण की स्थिति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का मानना है कि इस अभियान से न केवल व्यापारिक गतिविधियों का बेहतर रिकॉर्ड तैयार होगा, बल्कि नगर निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी। साथ ही शहर में व्यवस्थित और नियमबद्ध व्यापार व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।








