Saharanpur News: शिक्षकों को मिला बड़ा तोहफा, मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बांटे गए हेल्थ कार्ड

इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट, सहारनपुर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत 200 शिक्षकों को हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में राज्यमंत्री बृजेश सिंह, डीएम अरविंद चौहान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, कोटा में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 200 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा से दिए गए संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. कमल कृष्ण, संस्थान की प्राचार्य डॉ. अंजू वालिया, जिला नोडल अधिकारी डॉ. यामिनी पांडे, प्रो. ओंकार सिंह एवं डॉ. ऋषिपाल सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह ऐतिहासिक योजना लागू की है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में करीब 1.23 लाख शिक्षकों को इस योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इससे शिक्षकों को सूचीबद्ध अस्पतालों में बिना नकद भुगतान के गुणवत्तापूर्ण इलाज की सुविधा मिलेगी।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनका स्वस्थ रहना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त कर शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी।

मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. कमल कृष्ण ने कहा कि एक स्वस्थ शिक्षक ही विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य तैयार कर सकता है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना न केवल शिक्षकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बनाएगी।

संस्थान के चेयरमैन डॉ. एस.सी. कुलश्रेष्ठ ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षक किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी बौद्धिक पूंजी होते हैं। सरकार की यह पहल शिक्षक समुदाय के प्रति संवेदनशील सोच का प्रमाण है। वहीं, संस्थान की प्राचार्य डॉ. अंजू वालिया ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों के जीवन में सुरक्षा और विश्वास का नया अध्याय जोड़ेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी शिक्षकों और अतिथियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव संबोधन भी सुना। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. इन्द्रदेव सहित जिले के अनेक महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस योजना से शिक्षकों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ-साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी। सरकार की यह पहल शिक्षक कल्याण और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य