Saharanpur News: हनुमान चालीसा के पाठ के साथ संपन्न हुई JPL 2026, ज्वाला राइडर्स बनी चैंपियन; खिलाड़ियों पर हुई पुरस्कारों की बारिश

हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ ज्वाला नगर प्रीमियर लीग (JPL) 2026 का भव्य समापन हुआ। ज्वाला राइडर्स ने फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया, जबकि विपुल अरोड़ा बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। शहर के द स्पोर्ट्स एरीना-24, पंत विहार सर्किट हाउस रोड पर आयोजित 5 दिवसीय ज्वाला नगर प्रीमियर लीग (JPL) 2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट का समापन केवल रोमांचक क्रिकेट मुकाबलों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ खेल और आध्यात्मिक आस्था का अनूठा संगम भी देखने को मिला। खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों ने भगवान हनुमान का स्मरण कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खेल भावना और भाईचारे की कामना की।

पांच दिनों तक चले इस क्रिकेट महाकुंभ में कुल 8 टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और हर मुकाबले में दर्शकों को रोमांच से भरपूर क्रिकेट देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में ज्वाला राइडर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ज्वाला वॉरियर्स को हराकर JPL 2026 की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं ज्वाला वॉरियर्स उपविजेता रही।

इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में ज्वाला राइडर्स ने ज्वाला हंटर्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ज्वाला वॉरियर्स ने ज्वाला किंग्स को पराजित कर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।

समापन समारोह में विजेता टीम ज्वाला राइडर्स को ₹11,000 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता ज्वाला वॉरियर्स को ₹5,100 नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों ने पुरस्कार प्राप्त करने के बाद आयोजकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह के आयोजनों की अपेक्षा जताई।

पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित करने वाले विपुल अरोड़ा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं विपुल अरोड़ा, कृष्णा अरोड़ा और करण अरोड़ा को सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समापन समारोह से पूर्व सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और उपस्थित खेल प्रेमियों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। आयोजन समिति ने कहा कि खेल के साथ संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों को जोड़ने का उद्देश्य खिलाड़ियों में अनुशासन, सकारात्मक सोच और टीम भावना को बढ़ावा देना है।

आयोजन की सफलता का श्रेय शौर्य छाबड़ा, दलिप अरोड़ा एवं अंकित बठला को दिया गया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों, दर्शकों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगले वर्ष ज्वाला नगर प्रीमियर लीग को और अधिक भव्य एवं बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

समापन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, स्थानीय गणमान्य नागरिकों और युवाओं की उपस्थिति रही। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के जोश, दर्शकों के उत्साह और बेहतरीन आयोजन ने JPL 2026 को सहारनपुर की यादगार क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शामिल कर दिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य