कांवड़ियों को मिलेगा बेहतर सफर, बस स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय और बैठने की विशेष व्यवस्था
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 30 जुलाई से शुरू होने वाली श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) हरिद्वार सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। साथ ही यात्रा की निगरानी के लिए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम यात्रा प्रारंभ होने से लेकर समापन तक लगातार कार्य करेगा और सभी गतिविधियों की निगरानी के साथ रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जाएगा।
हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख मार्गों पर भी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी, ताकि यात्रियों को समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।
बस स्टेशनों पर विशेष सुविधाएं
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पूछताछ काउंटर, ध्वनि प्रसारण प्रणाली तथा खान-पान के स्टॉल सुचारु रूप से संचालित किए जाएं। साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
कांवड़ यात्रा के दौरान बसों की गति निर्धारित सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी बस चालकों का अनिवार्य रूप से ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया जाएगा और सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस के साथ रहेगा समन्वय
परिवहन विभाग ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा जारी रूट डायवर्जन प्लान की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप, दूरभाष और अन्य संचार माध्यमों से तत्काल साझा की जाएगी, ताकि बस संचालन प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि कांवड़ियों के साथ सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि परिवहन निगम की बसों के संचालन से कांवड़ यात्रा किसी भी स्थिति में बाधित न हो। प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही पालन किया जाएगा।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर प्रदेश सरकार की यह तैयारी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि लाखों शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।









