मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। रोटरी क्लब सहारनपुर हार्मनी का पांचवां इंस्टॉलेशन समारोह रेलवे रोड स्थित पंजाब होटल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में रो. अनिल भारद्वाज ने लगातार दूसरी बार सर्वसम्मति से क्लब के अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। उनके साथ रो. लोकेश चौहान ने सचिव तथा रो. विनीत चौहान ने कोषाध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर क्लब के नए सदस्यों का सदस्यता ग्रहण एवं पिनिंग समारोह भी संपन्न हुआ।

समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम्, दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। वरिष्ठ सदस्य रो. शील एरन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए रोटरी के सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रो. महेंद्र पाल गुप्ता मुख्य अतिथि, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह गेस्ट ऑफ ऑनर तथा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. राजपाल सिंह एवं असिस्टेंट गवर्नर रो. दीपक सचदेवा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद रो. अनिल भारद्वाज ने कहा कि क्लब की उपलब्धियां सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और सेवा भावना का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि नए रोटरी वर्ष में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण और जनकल्याण से जुड़े सेवा प्रकल्पों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग तक रोटरी की सेवाओं को पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
मुख्य अतिथि रो. महेंद्र पाल गुप्ता ने अपने संबोधन में सदस्य विस्तार, नेतृत्व विकास और सामाजिक सेवा परियोजनाओं पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि रोटरी का प्रत्येक सदस्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि रोटरी वर्ष 2027-28 में उनके डिस्ट्रिक्ट गवर्नर कार्यकाल के दौरान रो. अनिल भारद्वाज को जोन-22 का असिस्टेंट गवर्नर नियुक्त किया जाएगा। घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित सदस्यों ने रो. भारद्वाज को बधाई दी।

पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. राजपाल सिंह ने कहा कि “Service Above Self” केवल रोटरी का आदर्श वाक्य नहीं, बल्कि प्रत्येक रोटेरियन का जीवन दर्शन है। वहीं असिस्टेंट गवर्नर रो. दीपक सचदेवा ने क्लब की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि रोटरी क्लब सहारनपुर हार्मनी आने वाले वर्षों में भी समाज सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने रोटरी इंटरनेशनल द्वारा पोलियो उन्मूलन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली अग्रणी संस्था है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में रो. ज्योति मेहता ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया, जबकि रो. विनीत चौहान ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन मास्टर ऑफ सेरेमनी रो. राकेश सपरा ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, वरिष्ठ रोटेरियन एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।









