शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर मंडल के विकास कार्यों को गति देने और लंबित निर्माण परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने सोमवार को आयुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में एक करोड़ रुपये एवं उससे अधिक लागत वाली उन निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई, जो निर्धारित समय सीमा के बाद भी अधूरी हैं या बजट, प्रशासनिक स्वीकृति अथवा अन्य कारणों से प्रभावित चल रही हैं।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास एवं निर्माण कार्य गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनता के हित से जुड़ी परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करे।
डॉ. रूपेश कुमार ने परियोजनावार समीक्षा करते हुए उन कार्यों की जानकारी ली, जिनकी प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में शासन स्तर पर पत्राचार या स्वीकृति की आवश्यकता है, उनके संबंध में तत्काल प्रस्ताव भेजे जाएं। आवश्यकता पड़ने पर उनके स्तर से भी शासन को पत्र भेजकर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
मंडलायुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें बिना विलंब संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए, ताकि उनका संचालन और रखरखाव समय से शुरू हो सके। साथ ही सभी पूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी सीएमआईएस (CMIS) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे शासन स्तर पर वास्तविक प्रगति की निगरानी की जा सके।

उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नामित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने और अपनी निरीक्षण रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्ता की वास्तविक जांच का माध्यम होना चाहिए। यदि किसी परियोजना में मानकों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि विकास परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता से न केवल जनसुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी। मंडलायुक्त ने सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और बाधाओं को समय रहते दूर करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर सुमित राजेश महाजन, मुख्य विकास अधिकारी मुजफ्फरनगर कंडारकर कमल किशोर देशभूषण सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपनी-अपनी परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।









