शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। देवबंद क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना देवबंद पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को चौकी कचहरी पर जयप्रकाश नामक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनका पुत्र शिवा 26 जुलाई की रात करीब 10 बजे तीन परिचित युवकों और एक अन्य युवक के साथ घर से गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही थाना देवबंद पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी एवं अपहरण से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान 27 जुलाई की रात करीब 12 बजे टीचर्स कॉलोनी के पीछे स्थित खेत से शिवा का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच तेज कर दी। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी पहले आपस में मित्र थे। बाद में किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद और दुश्मनी हो गई थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और फिर से दोस्ती हो गई, लेकिन आरोपियों के मन में पुरानी रंजिश बनी रही।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इसी रंजिश के चलते शिवा को घर से बुलाया और टीचर्स कॉलोनी के पीछे खेत में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा मामले में विधिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।








