Saharanpur News: पत्रकारों का उत्पीड़न नहीं होगा, जांच के बाद ही होगी कार्रवाई, डीएम अरविंद कुमार चौहान का आश्वासन

सहारनपुर में जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति की बैठक में डीएम अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि पत्रकारों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। जांच के बाद ही कार्रवाई होगी। सूचना संकुल के लिए भूमि उपलब्ध कराने और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी पत्रकार के खिलाफ बिना जांच के कार्रवाई नहीं की जाएगी तथा अनावश्यक उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने में उनकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक, प्रेरणादायक और जनहित से जुड़े समाचारों के प्रकाशन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसी खबरों से आम जनता को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी मिलती है तथा समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को टोल प्लाजा पर आवागमन की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस विषय में शासन के नियमानुसार उचित निर्णय लिया जाएगा।

बैठक के दौरान लंबे समय से लंबित सूचना संकुल की स्थापना का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सूचना संकुल के लिए शीघ्र ही उपयुक्त भूमि का चिन्हीकरण कराया जाएगा, ताकि पत्रकारों को एक समुचित कार्यस्थल उपलब्ध कराया जा सके।

जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता ने बैठक में जानकारी दी कि जनपद के मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

बैठक में पत्रकारों और प्रशासन के बीच विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक संवाद हुआ। पत्रकारों ने अपनी समस्याओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया, जिन पर जिलाधिकारी ने गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर सीओ सिटी प्रथम रविकांत, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता, जिला स्तरीय पत्रकार स्थायी समिति के सदस्य वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंघल, यश प्रभाकर, मोहम्मद आसिफ तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य आलोक तनेजा सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य