शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई) के प्रदेशव्यापी आह्वान पर सोमवार को सहारनपुर में माध्यमिक शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर अपनी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। धरने के बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से भेजते हुए सेवा सुरक्षा, ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया में सुधार, पदोन्नति, वेतनमान और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग की।

धरने को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेन्द्र सिंह पुंडीर ने कहा कि शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण, व्यवसायीकरण और निजीकरण से सरकारी शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने सरकार से शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने, लंबित पदोन्नतियां शीघ्र करने तथा प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक पदों पर वेतनमान संबंधी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
संघ के मंडलीय मंत्री एवं प्रधानाचार्य प्रवीण मिश्रा ने कहा कि ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया में कई तकनीकी और प्रशासनिक विसंगतियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि एनओसी जारी करने, मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में आ रही समस्याओं को तत्काल दूर किया जाए ताकि पात्र शिक्षकों को समय पर स्थानांतरण का लाभ मिल सके। उन्होंने शिक्षा विभाग के कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी चिंता व्यक्त करते हुए पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की विभिन्न समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक उनका संतोषजनक समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में सरकार को शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगा।

कार्यक्रम का संचालन जिलामंत्री अनिल कुमार ने किया। धरने को रामनरेश शर्मा, नरेश चंद चमोली, ललित मलिक, रामेंद्र वालिया सहित कई शिक्षकों ने संबोधित करते हुए संगठन की 21 सूत्रीय मांगों का समर्थन किया। इसके बाद शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरने में विनोद कुमार, बिशन सिंह, भूपेंद्र पुंडीर, राजेंद्र सिंह, सोमप्रकाश शर्मा, ऋषिपाल, प्रवीण चौधरी, सुदेश कुमार, प्रमेश, अहिबरन सिंह, मनोज सिंह, मुकेश, बासित अली, नूतन प्रकाश, मनोज पाल, सुभाष चंद, राजेश मिश्रा, अरशद जावेद, डॉ. हरिओम शरण त्रिपाठी, सुधीर शर्मा, ब्रजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में माध्यमिक शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।








