शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम सहारनपुर द्वारा अंबाला रोड पर स्थापित कांवड़ यात्रा व्यवस्था शिविर का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। महापौर डॉ. अजय कुमार, नगरायुक्त शिपू गिरि, शिव कांवड़ संघ के अध्यक्ष संजय फुटेला, उपसभापति मयंक गर्ग तथा पार्षदों ने भगवान शिव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा प्रकाशित एवं डॉ. वीरेन्द्र आज़म द्वारा संपादित “कांवड़ यात्रा-2026 व्यवस्था विवरण पत्रिका” का भी लोकार्पण किया गया। महापौर ने अपने मोबाइल से स्कैन कर पत्रिका के क्यूआर कोड का भी शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का विराट उत्सव है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव लोकमंगल के प्रतीक हैं और कांवड़ यात्रा हमारी सांस्कृतिक चेतना का जीवंत उत्सव है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में अधिक बेहतर और व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं, ताकि लाखों शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
महापौर ने कहा कि सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे इस महापर्व को आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण तभी संभव है जब सभी वर्ग और समुदाय मिलकर ऐसे आयोजनों को सफल बनाने में योगदान दें।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने कहा कि कांवड़ यात्रा राष्ट्रीय महत्व का लोक उत्सव है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पांच राज्यों के लाखों कांवड़िये सहारनपुर से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम का नैतिक दायित्व है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बेहतर व्यवस्थाओं से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के मन में सहारनपुर की सकारात्मक छवि बनेगी।
उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद मंसूर बदर और शिव कांवड़ सेवा संघ के अध्यक्ष संजय फुटेला ने नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सहारनपुर की पहचान सामाजिक सौहार्द और धार्मिक एकता रही है। यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलकर प्रत्येक पर्व को उत्साह और सद्भाव के साथ मनाते हैं
इससे पूर्व अपर नगरायुक्त एवं कांवड़ यात्रा के नोडल अधिकारी मृत्युंजय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, जेडएसओ गजेंद्र सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल सिंह तथा परमानंद ने अतिथियों का पौधे और पुष्प भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए एक विशाल स्वच्छता रैली भी निकाली गई। महापौर और नगरायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में मेजर राजेश यादव एवं कैप्टन मनीष जायसवाल के नेतृत्व में 83 बटालियन एनसीसी कैडेट्स, आईटीसी सुनहरा कल उमंग, फोर्स एंड स्पेस के स्वयंसेवक, नगर निगम के सफाई मित्र, गैराज कर्मचारी, उद्यान एवं गौशाला कर्मी तथा निगम के विभिन्न वाहन शामिल रहे। रैली अग्रसेन चौक पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेन्द्र आज़म ने किया। इस अवसर पर पार्षद इसरार पप्पू, जफर अंसारी, राजेंद्र कोहली, वीरेंद्र उपाध्याय, राजू सिंह, डॉ. मंसूर, महमूद हसन, वीरसेन सिद्धू, समीर अंसारी, आसिफ अंसारी, अरुण गुप्ता, मेनपाल, इजहार मंसूरी, राकेश कल्याण, सईद सिद्दीकी, यशपाल त्रेहन, रामचंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।








