Saharanpur News: कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर एसएसपी अभिनंदन सिंह की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर एसएसपी अभिनंदन सिंह ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन में उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात तथा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जाए तथा प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते समाप्त करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहें।

बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि कांवड़ यात्रियों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया कि प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक मार्गों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया की निगरानी को भी बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने साइबर सेल और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को चौबीसों घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस का व्यवहार सेवा और सहयोग की भावना से परिपूर्ण होना चाहिए। यात्रियों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा जनसहयोग आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

अभिनंदन सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और सक्रियता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए जनपद पुलिस पूरी तरह तैयार है और सुरक्षा व्यवस्था के सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य