शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। देवबंद के चर्चित शिवा हत्याकांड में सहारनपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरे घटनाक्रम का खुलासा बुधवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक देहात मयंक पाठक ने किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि शिवा हत्याकांड के बाद मंगलवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था। उस समय पुलिस प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया था। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने लगातार अभियान चलाते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर हत्या में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

एसपी देहात ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह देवबंद कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम बॉर्डर चौकी के पास देवबंद-मंगलौर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। गंगादासपुर मार्ग पर सड़क खराब होने और गारा-मिट्टी के कारण आरोपियों की बाइक फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपी ईख के खेत में घुस गए और वहां से पुलिस पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर और दूसरे के दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदि उर्फ आदित्य पुत्र सुधीर कुमार निवासी जड़ौदा जट्ट तथा सूर्याश पुत्र दीपक कुमार निवासी शास्त्री चौकी, देवबंद के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस संबंध में देवबंद थाने पर पुलिस पर फायरिंग, अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं में नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

प्रेस वार्ता में मयंक पाठक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब 15 दिन पहले तमंचा दिखाने को लेकर शिवा और सूर्याश के बीच विवाद हुआ था। बाद में मारपीट की घटना के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की योजना बनाई। 26 जुलाई की रात शिवा को घर से बुलाकर टीचर कॉलोनी के पीछे ईख के खेत में ले गए, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में छोड़कर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल एक आरोपी तेजस को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि चौथे आरोपी आकाश की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को विश्वास है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी देहात ने कहा कि सहारनपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। हत्या, लूट, चोरी और संगीन अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बरामद हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल भी दिखाई तथा पूरे ऑपरेशन की जानकारी साझा की।









