Shamli News: छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाकियू का प्रदर्शन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

चौसाना में छात्राओं पर सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने पुलिस को तहरीर दी। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

चौसाना (शामली)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन से जुड़े एक वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर उसमें छात्राओं के खिलाफ कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पदाधिकारियों ने इस मामले में कड़ी आपत्ति जताते हुए पुलिस चौकी चौसाना में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भाकियू आंदोलन करने को मजबूर होगा।

भाकियू नेताओं के अनुसार चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव गढ़ी हसनपुर निवासी एक व्यक्ति ने छात्र आंदोलन से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें दिखाई दे रही छात्राओं के लिए कथित रूप से अशोभनीय और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। पोस्ट वायरल होने के बाद मामला संगठन के संज्ञान में आया, जिसके बाद बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता चौसाना पुलिस चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपा।

शिकायत में कहा गया है कि देश की बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं की जा सकती। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में गलत संदेश देती हैं और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई होना आवश्यक है। संगठन ने मांग की कि आरोपी के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

भाकियू नेता अरविंद चौधरी ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संगठन ऐसे मामलों में हमेशा मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।

उधर, पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य