Saharanpur News: महाड़ी पर अवैध होर्डिंग हटाने पहुंचा नगर निगम, अवैध कब्जे और वसूली के आरोप में पुलिस को तहरीर

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। मेला गुघाल की तैयारियों के बीच नगर निगम ने महाड़ी परिसर में अवैध कब्जे की कोशिशों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सहायक नगरायुक्त के नेतृत्व में निगम टीम ने महाड़ी परिसर से अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग और बैनर हटवाए। वहीं नगर निगम के मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने एक व्यक्ति के खिलाफ थाना कुतुबशेर में तहरीर देकर अवैध कब्जे की कोशिश, अवैध वसूली और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नगर निगम के अनुसार मेला गुघाल की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए सहायक नगरायुक्त बिकास धर दुबे अधिकारियों के साथ मानकमऊ स्थित बाबा जाहरवीर गोगा महाड़ी स्थल पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि कुछ लोगों द्वारा महाड़ी परिसर में बिना अनुमति होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह प्रयास सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा स्थापित करने की मंशा से किया गया प्रतीत हुआ।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सहायक नगरायुक्त ने तत्काल सभी अवैध होर्डिंग और बैनर हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम के मुख्य सुरक्षा अधिकारी हरिप्रकाश कसाना को पूरे मामले में थाना कुतुबशेर पुलिस को तहरीर देकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पठानपुरा, गोविंद नगर निवासी एक व्यक्ति कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर महाड़ी परिसर की आड़ में लोगों से कथित रूप से अवैध वसूली करता है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि जो लोग कथित रूप से पैसे देने से मना करते हैं, उन्हें परेशान किया जाता है। इसके अलावा संबंधित व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थल पर अवैध होर्डिंग और बैनर लगाकर नगर निगम की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

नगर निगम ने पुलिस को दी गई शिकायत में आशंका व्यक्त की है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी भी समय विवाद या कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसी कारण संबंधित व्यक्ति एवं उसके साथियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद किए जाने की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि, धार्मिक स्थलों और मेले से जुड़े परिसरों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी अभियान चलाकर कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम की संपत्ति पर किसी भी व्यक्ति को अवैध कब्जा या निजी हित में उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मेला गुघाल को लेकर नगर निगम पहले से ही सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। ऐसे समय में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को भी प्रशासनिक प्राथमिकता माना जा रहा है। पुलिस अब नगर निगम की तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य