शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम पूरी सक्रियता के साथ व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। गुरुवार देर शाम नगरायुक्त शिपू गिरि ने निगम अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग, शिविर स्थलों और प्रमुख पड़ावों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और एक शिविर में अपने हाथों से कांवड़ियों को भोजन परोसकर सेवा भी की।

नगरायुक्त ने कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी एवं स्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधाओं और विद्युत सुरक्षा की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पर कहीं भी जलभराव, गड्ढे, कूड़ा या किसी प्रकार की बाधा दिखाई देने पर तत्काल उसका निस्तारण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त ने हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी सुरेश चंद तथा हरियाणा के कैथल निवासी दिलगाब सिंह सहित कई कांवड़ियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने पेयजल, विश्राम स्थलों, सफाई व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। नगरायुक्त ने स्वयं शौचालयों में जाकर पानी की उपलब्धता और सफाई व्यवस्था की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने कहा कि कांवड़िए पूरे देश से सहारनपुर होकर गुजरते हैं और वे शहर के सम्मानित अतिथि हैं। उनकी सेवा करना नगर निगम की प्राथमिकता ही नहीं बल्कि सौभाग्य भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण में सेवा करना ही सच्ची आस्था है और कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कांवड़ शिविरों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रहे तथा कूड़ा निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कांवड़ यात्रा-2026 को ‘जीरो प्लास्टिक इवेंट’ बनाने पर विशेष जोर देते हुए शिविर संचालकों से प्लास्टिक सामग्री के स्थान पर कागज, पत्तल, कुल्हड़, कपड़े और जूट से बने पर्यावरण अनुकूल उत्पादों का उपयोग करने की अपील की। साथ ही श्रद्धालुओं को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

नगरायुक्त ने शिविर संचालकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिविर में स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, मानकों के अनुरूप विद्युत कनेक्शन, अग्निशमन यंत्र तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा और किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित करेगी। नगरायुक्त ने निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी लोग टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि सहारनपुर से गुजरने वाले लाखों श्रद्धालु यहां की व्यवस्थाओं की सकारात्मक छवि अपने साथ लेकर जाएं।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त एवं कांवड़ यात्रा के नोडल अधिकारी मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र मिश्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, सभी जोनल अधिकारी तथा नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









