अमित उपाध्याय
चिलकाना (सहारनपुर)। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक वातावरण को बनाए रखने की मांग को लेकर राष्ट्रीय गौ रक्षा दल ने शुक्रवार को चिलकाना थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन से श्रावण मास की अवधि तक क्षेत्र में संचालित मीट एवं शराब की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान होगा और क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहेगा।
राष्ट्रीय गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आयुष महाराज के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी थाना चिलकाना पहुंचे और थाना प्रभारी विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि श्रावण मास सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र और आस्था का महीना माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा निकालते हैं तथा मंदिरों में जलाभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होते हैं। ऐसे समय में मीट और शराब की दुकानों का खुले रहना कई श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करता है।

आयुष महाराज ने कहा कि प्रशासन को धार्मिक परंपराओं और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए श्रावण मास समाप्त होने तक मीट एवं शराब की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराने पर विचार करना चाहिए। उनका कहना था कि इस कदम से धार्मिक माहौल और अधिक पवित्र बनेगा तथा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सकारात्मक वातावरण मिलेगा।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु क्षेत्र से होकर गुजरते हैं। ऐसे में प्रशासन यदि धार्मिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाता है तो इससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने संगठन के पदाधिकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर आश्वस्त किया कि उनकी मांग को नियमानुसार संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और शासन-प्रशासन के निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान संगठन के अनुराग गर्ग, विशाल, लक्की, शुभम, रविंद्र, प्रियांशु सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय गौ रक्षा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।









