शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद। शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एसवीएम मॉडल पब्लिक स्कूल को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मान्यता प्राप्त हो गई है। इस उपलब्धि के बाद विद्यालय अब इंटर कॉलेज के रूप में संचालित होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
लंबे समय से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूसरे कस्बों और शहरों का रुख करना पड़ता था। विशेष रूप से ग्रामीण परिवारों की बेटियों के सामने दूरी और सुरक्षा जैसी चुनौतियां रहती थीं। अब विद्यालय को इंटर कॉलेज की मान्यता मिलने से इन समस्याओं का काफी हद तक समाधान हो सकेगा। छात्र-छात्राएं अपने घर के नजदीक ही विज्ञान, कला सहित विभिन्न विषयों में अध्ययन कर सकेंगे।

मान्यता मिलने पर विद्यालय प्रबंध समिति ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचकर जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव का पटका पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एसवीएम मॉडल पब्लिक स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में अहम भूमिका निभाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आधुनिक शिक्षा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत त्यागी, प्रधानाचार्य रितु त्यागी, वाइस प्रिंसिपल अंकित कुमार, सुदेश पाल चौधरी, शुभम त्यागी, अजय कुमार, निशु त्यागी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इसे क्षेत्र में शिक्षा के नए युग की शुरुआत बताते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।









