शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने अंबेडकर चौराहे से जेल चुंगी, राकेश केमिकल, गागलहेड़ी होते हुए बड़कला (उत्तराखंड बॉर्डर) तक कांवड़ मार्ग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, कांवड़ शिविरों और पुलिस तैनाती का गहन जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने सबसे पहले कांवड़ मार्ग पर बनाई गई बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था तथा प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अभिनंदन सिंह ने कांवड़ यात्रियों से भी संवाद किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सड़क पर विश्राम करने के बजाय प्रशासन द्वारा स्थापित कांवड़ शिविरों का उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और अन्य अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने शिविरों में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

इस दौरान कांवड़ मार्ग पर संचालित डीजे वाहनों की ऊंचाई की भी विशेष जांच कराई गई। जिन वाहनों की ऊंचाई शासन द्वारा निर्धारित मानकों से अधिक मिली, उन्हें मौके पर ही रोककर निर्धारित सीमा के अनुरूप कराया गया। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सहारनपुर जनपद की सीमा में निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई वाले किसी भी डीजे वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ओवर हाइट डीजे वाहन विद्युत लाइनों, पुलों और अन्य संरचनाओं के लिए खतरा बन सकते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका रहती है। इसलिए सुरक्षा मानकों का पालन प्रत्येक कांवड़िए और डीजे संचालक के लिए अनिवार्य है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अस्थायी पुलिस चौकियों, ड्यूटी प्वाइंटों और यातायात प्रबंधन व्यवस्था का भी गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए तथा यातायात को निर्बाध बनाए रखने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन कर वे यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
सहारनपुर पुलिस ने दोहराया कि श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद में चौबीसों घंटे निगरानी, चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के समन्वय से यात्रा मार्ग पर प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।









