शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर बाजार पुलिस ने पिस्टल दिखाकर लोगों पर रौब गालिब करने वाले एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया है। उसके कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध की रोकथाम और शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सदर बाजार चन्द्रसैन सैनी के नेतृत्व में गुरुवार को थाना सदर बाजार पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक किशोर पिस्टल दिखाकर लोगों में भय का माहौल बना रहा है और रौब गालिब कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेपर मिल रोड स्कूल तिराहे से भट्टा कॉलोनी रोड के पास घेराबंदी कर बाल अपचारी को संरक्षण में ले लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.65 एमएम (.32 बोर) की एक लाइसेंसी पिस्टल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि लाइसेंसी हथियार बाल अपचारी के पास कैसे पहुंचा और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

बरामदगी के आधार पर थाना सदर बाजार में मु0अ0सं0 390/2026 के तहत धारा 9/25/30 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संबंधित लाइसेंस धारक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति हथियार दिखाकर भय या दबाव बनाने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। जनपद में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।








