नम्बर प्लेट पर मिट्टी लगाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश नाकाम, पीछा कर दबोचा; ₹25 हजार का चालान
शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सहारनपुर यातायात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से मुख्य कांवड़ मार्ग पर संभावित बड़ा हादसा टल गया। विश्वकर्मा चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बलेनो कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार में मुख्य कांवड़ मार्ग की ओर दौड़ा दिया। इससे मार्ग पर मौजूद हजारों शिवभक्त कांवड़ियों और आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। पुलिस ने पीछा कर वाहन को सुरक्षित रोक लिया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद वाहन सीज कर ₹25 हजार का चालान किया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार 5 और 6 अगस्त की मध्यरात्रि विश्वकर्मा चौक पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की बलेनो कार संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने देखा कि वाहन की नम्बर प्लेट को जानबूझकर मिट्टी से ढक रखा गया था, जिससे उसकी पहचान छिपाई जा सके। संदेह होने पर पुलिस ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने संकेत की अनदेखी करते हुए तेज एवं लापरवाहीपूर्ण गति से वाहन को मुख्य कांवड़ मार्ग की ओर मोड़ दिया।

अचानक तेज रफ्तार से दौड़ती कार को देखकर कांवड़ मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक अमित तोमर ने तत्काल वायरलेस के माध्यम से अस्पताल चौक पर तैनात यातायात पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बैरिकेडिंग कर वाहन संख्या HR-11S-1550 को सुरक्षित तरीके से रोक लिया।
वाहन चालक की मौके पर ही ब्रेथ एनालाइज़र से जांच की गई, जिसमें उसके द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चालक तेज एवं अनियंत्रित गति से वाहन चला रहा था तथा वाहन की नम्बर प्लेट को मिट्टी से ढककर पहचान छिपाने का प्रयास कर रहा था।
यातायात प्रभारी अमित तोमर ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, तेज एवं लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग तथा नम्बर प्लेट छिपाकर वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए चालक का ₹25,000 का चालान किया और वाहन को सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो मुख्य कांवड़ मार्ग पर बड़ा हादसा हो सकता था।

सहारनपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा वाहन पर वैध और स्पष्ट नम्बर प्लेट का ही प्रयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे जनपद में चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।








