Har Ghar Tiranga 2026: बेहट में भाजपा की बैठक, पूर्व विधायक नरेश सैनी ने घर-घर तिरंगा लगाने का किया आह्वान

सहारनपुर के बेहट क्षेत्र के ग्राम सढौली कदीम में भाजपा की बैठक में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। पूर्व विधायक नरेश सैनी ने राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।

गय्यूर मलिक 

बेहट (सहारनपुर)। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की एक बैठक गुरुवार को तहसील बेहट क्षेत्र के ग्राम सढौली कदीम में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घर-घर तिरंगा फहराने का संकल्प लेते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नरेश सैनी ने कहा कि देश की आजादी लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान का परिणाम है। उन्हीं के त्याग और समर्पण की बदौलत आज देशवासी स्वतंत्रता दिवस को गर्व और सम्मान के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए अपने घर पर तिरंगा अवश्य फहराए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा दी है। इस अभियान के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय पर्वों से जोड़ने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय पर्व सीमित दायरे में मनाए जाते थे, लेकिन अब तिरंगा यात्राओं, जनभागीदारी और सामाजिक अभियानों के माध्यम से पूरे देश में राष्ट्रभक्ति का वातावरण बनता है।

पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर लोगों को तिरंगा अभियान से जोड़ें तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके महत्व के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और एकता का प्रतीक है।

बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र बंसल, गन्ना समिति चेयरमैन मुल्की राज सैनी, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सैनी, मंडल प्रभारी चौधरी गुरदेश सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. सतेन्द्र सिंह तथा महामंत्री प्रदीप प्रधान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने और अभियान को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाए।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए घर-घर तिरंगा लगाने और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सतीश प्रधान, संदीप सहगल, डॉ. मेघराज, पप्पन सैनी, नरेश, बंशीलाल, समय सिंह, अश्विनी कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य