शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बुधवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों, स्कूलों और स्टेडियम में तिरंगा पदयात्राओं समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। नागल और मुजफ्फराबाद में निकाली गई तिरंगा यात्राओं में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से यात्रा मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

विकासखंड नागल में आयोजित तिरंगा पदयात्रा रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम के नेतृत्व में निकाली गई। यात्रा विकासखंड परिसर स्थित शहीद स्मारक से शुरू होकर मेन बाजार, नागल-देवबंद हाईवे होते हुए पुनः विकासखंड परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं गौरव के साथ मनाने का संदेश दिया।
इस दौरान विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपने संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
नागल की पदयात्रा में पूर्व ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष हरीश त्यागी, खंड विकास अधिकारी असलम परवेज सहित करीब 1200 लोगों ने सहभागिता की।
वहीं विकासखंड मुजफ्फराबाद में पूर्व विधायक नरेश सैनी की अध्यक्षता में तिरंगा यात्रा निकाली गई। पदयात्रा विकासखंड कार्यालय से शुरू होकर मुजफ्फराबाद गांव के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए पुनः विकासखंड कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में करीब 1500 लोगों ने हिस्सा लिया।
मुजफ्फराबाद की यात्रा में साहब सिंह पुंडीर, अभय राणा, मुल्की राज सैनी, सहकारी समिति बेहट के चेयरमैन हंसराज गौतम, जिला पंचायत सदस्य सोनेन्द्र राणा, डीसीडीएफ चेयरमैन रजत त्यागी, मंडल अध्यक्ष सुशील कांबोज, बाबी कर्णवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष सैनी और खंड विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाने का आह्वान किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने रंग-बिरंगी रंगोली बनाकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। देशभक्ति गीतों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
प्रशासन के अनुसार जिले के अन्य विकासखंडों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों और स्टेडियम में भी तिरंगा रैलियां तथा अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराएं।








