शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जनपद सहारनपुर इकाई की ओर से स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ से शुरू हुई कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन स्वतंत्रता दिवस पर व्यापारियों ने देशभक्ति और उत्साह के साथ किया।
जनपद के विभिन्न व्यापारिक एसोसिएशन, व्यापार मंडलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े व्यापारियों ने ध्वजारोहण, तिरंगा यात्राएं, गोष्ठियां, रूट मार्च, प्रभातफेरी और सामूहिक राष्ट्रगान सहित अनेक कार्यक्रमों में भाग लिया। घंटाघर पर सामूहिक राष्ट्रगान के अलावा राजकीय इंटर कॉलेज में भी देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत व्यापारी प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान को उनके कार्यालय में तिरंगा भेंट किया। इसके अलावा मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, एसपी सिटी व्योम बिंदल, राज्य कर विभाग की अपर आयुक्त रूबी सिंह और विजयानंद पांडेय को खादी से बने फ्रेमयुक्त तिरंगे भेंट कर सम्मानित किया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज में हर घर तिरंगा अभियान के समापन एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी शीतल टंडन, सतीश ठकराल और अशोक मलिक को शॉल, तिरंगा और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने गांधी पार्क में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह को बुके एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि तिरंगा राष्ट्र निर्माण, स्वाभिमान और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति पूरा राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल कुछ समय के लिए झंडा फहराने का अभियान नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना को स्थायी रूप से अपने जीवन में उतारने का प्रयास है। तिरंगे का केसरिया रंग साहस और त्याग, सफेद रंग शांति तथा हरा रंग समृद्धि और खुशहाली का संदेश देता है।

शीतल टंडन ने व्यापारियों और नागरिकों से आह्वान किया कि वे तिरंगे को अपनी दिनचर्या और राष्ट्रप्रेम की भावना का हिस्सा बनाएं। उन्होंने खादी के तिरंगे को फ्रेम कराकर घरों और प्रतिष्ठानों में सम्मानपूर्वक स्थापित करने तथा मित्रों और सहयोगियों को भी ऐसे तिरंगे भेंट करने की परंपरा विकसित करने की अपील की।
कार्यक्रमों में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, अशोक मलिक, संजीव सचदेवा, राजकुमार वर्मा, के.एल. दावड़ा, द्वारकानाथ बजाज, सुनील धमीजा, अजय मानकटला, दीपक राज सिंघल, कपिल डावर, राकेश गाबा, अवनीश अग्रवाल, सुनील कर्णवाल, मनोज कांबोज, मुरली खन्ना, हरीश खुंगर, राजीव अग्रवाल, संजय माहेश्वरी, सुनील मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।








