शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर विधायक राजीव गुंबर ने विधायक विकास निधि एवं मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना के तहत करीब 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। ये कार्य वार्ड संख्या-1 की अर्पित विहार कॉलोनी, वार्ड संख्या-13 की वाल्मीकि बस्ती और वार्ड संख्या-55 की लक्ष्मण सिंह कॉलोनी में कराए जाएंगे।
विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि जनता की सुविधा और प्रत्येक वार्ड में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़क निर्माण एवं सुधार होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा जलभराव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों की गति तेज हुई है और सहारनपुर भी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर
महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई एवं महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। शहर में सड़क, नाली, प्रकाश सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई दे रहा है।
कार्यक्रम में पार्षद नूतन तोमर, संजय गर्ग, आरती दिवाकर, राजू जाटव, पार्षद प्रतिनिधि परविंदर तोमर, नीरज दिवाकर, मांगेराम, मुकुल वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।








