गय्यूर मलिक
सहारनपुर/बेहट। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं खनिज सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मिर्जापुर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध खनन सामग्री का परिवहन करते हुए 10 डंपरों को सीज किया, जबकि बेहट कोतवाली पुलिस ने बिना वैध प्रपत्रों के उपखनिज का परिवहन कर रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया है।
मिर्जापुर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं उपजिलाधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बेहट के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने अवैध खनन सामग्री का परिवहन कर रहे 10 डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया। वाहनों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट संबंधित न्यायालय को भेजी गई है।
वहीं, बेहट कोतवाली पुलिस क्षेत्राधिकारी सुप्रिया यादव एवं प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दिखित के नेतृत्व में टोडरपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान उपखनिज से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना आवश्यक प्रपत्रों के परिवहन करते मिलीं। पुलिस ने तीनों वाहनों को सीज कर अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








