शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन प्राथमिक विद्यालय छुटमलपुर नंबर-2 के बच्चों ने फतेहपुर थाने में पुलिसकर्मियों के साथ मनाया। शिक्षिका अंजली आर्य के नेतृत्व में विद्यालय के बच्चे थाना फतेहपुर पहुंचे और पुलिसकर्मियों की सेवाओं के प्रति आभार जताते हुए उन्हें आभार पत्र सौंपे।
इस दौरान नन्हीं बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनकी लंबी आयु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। बालिकाओं ने उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सुबोध शर्मा, महिला कांस्टेबल स्वीटी, सेवानिवृत्त कांस्टेबल ब्रह्मपाल सिंह, मुख्य आरक्षी लिपिक नीतू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को राखी बांधी।
बच्चों के स्नेह से अभिभूत पुलिसकर्मियों ने उन्हें उपहार भेंट किए। उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह और सुबोध शर्मा ने कहा कि बच्चों द्वारा पुलिसकर्मियों की सेवाओं के प्रति जताया गया सम्मान और स्नेह उनके लिए भावुक एवं अविस्मरणीय पल है। उन्होंने विद्यालय परिवार का आभार जताया।
पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता की पहल
शिक्षिका अंजली आर्य ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं और कई बार अपने परिवार से दूर रहकर ड्यूटी निभाते हैं। उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना भी समाज का दायित्व है। इसी भावना से बच्चों को थाने का भ्रमण कराया गया और पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन मनाया गया।
बालिकाओं ने अपने हाथों से तैयार की गई राखियां पुलिसकर्मियों को बांधीं। हस्तनिर्मित राखियां तैयार कराने में डीएलएड प्रशिक्षु महक का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में अल्फा, फलक, हमरा, जिया, अक्षा, आयशा, अर्शी, प्रवीण, जोया, शिफा, अबुजर, अल्तमश, अहद, रेहान, आयान, उजायफ सहित अन्य बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की इस पहल ने रक्षाबंधन पर्व को स्नेह, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से खास बना दिया।








