शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की महानगर इकाई की ओर से कंपनी बाग में ‘रन फॉर वंदेमातरम’ दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों बजरंग दल स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के समापन पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले स्वयंसेवकों को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक कुलदीप ने कहा कि प्रत्येक स्वयंसेवक और देशवासी को तीन स्तरों पर चिंतन करना चाहिए। सबसे पहले अपने माता-पिता और परिवार की चिंता, इसके बाद अपने गांव और समाज की चिंता तथा सर्वोपरि देश की चिंता करना प्रत्येक नागरिक का धर्म और कर्तव्य है।
उन्होंने जापान का उदाहरण देते हुए कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद जापान के सामने बड़ी चुनौतियां थीं, लेकिन वहां के परिश्रमी लोगों ने मेहनत और संकल्प के बल पर देश को दोबारा खड़ा किया। आज जापान विश्व के प्रगतिशील देशों में शामिल है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए नागरिकों में भी इसी प्रकार परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रभाव की आवश्यकता है।
इसके बाद सैकड़ों स्वयंसेवकों ने कंपनी बाग में दौड़ लगाई। प्रतियोगिता में प्रमोद पाल ने प्रथम, बादल ने द्वितीय तथा सौरभ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेताओं को आयोजकों की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य जयपाल सिंह, रमेश शर्मा, रविंद्र तोमर, महानगर उपाध्यक्ष संदीप सैनी, विशाल अग्रवाल, महानगर मंत्री रविश कंबोज, बजरंग दल प्रांत सहसंयोजक हरीश कौशिक, महानगर प्रचार प्रमुख बलराम बलिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन महानगर संयोजक ललित शर्मा ने किया।








