शहरी चौपाल ब्यूरो
गागलहेड़ी। सत्य श्री कृष्ण इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सरहदों पर तैनात सैनिकों के लिए हाथों से बनाई गई रंग-बिरंगी राखियां तैयार कर भेजीं। इस पहल का उद्देश्य सैनिकों के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना व्यक्त करना रहा। वहीं लार्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में भी रक्षाबंधन पर्व पर राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सत्य श्री कृष्ण इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अपने घरों पर स्वयं राखियां तैयार कीं और उन्हें विद्यालय लेकर पहुंचीं। आकर्षक रंगों और विभिन्न डिजाइनों से सजी राखियों में सैनिक भाइयों के प्रति प्रेम, सम्मान और देशभक्ति की भावना साफ दिखाई दी। छात्राओं ने राखियों के माध्यम से देश की रक्षा में तैनात जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सत्यवती यादव ने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक एवं देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के साथ ही देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान को भी मजबूत करते हैं।
लार्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित राखी बनाओ प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक और रंग-बिरंगी डिजाइनर राखियां तैयार कीं। छात्राओं द्वारा बनाई गई राखियों में रचनात्मकता के साथ-साथ देशभक्ति की झलक भी देखने को मिली। उन्होंने राखियों के माध्यम से सैनिक भाइयों को रक्षाबंधन का विशेष संदेश दिया।








