शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर चंद्र विहार कॉलोनी स्थित नेत्रहीन एवं दिव्यांग कल्याण शिक्षण संस्थान में उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल, सरसावा एयरपोर्ट के अधिकारियों ने नेत्रहीन बच्चों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों को राखी बांधी और मिठाई वितरित कर उनके साथ खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक गौरव शर्मा, मुख्य आरक्षी मेजर मनजीत सिंह मलिक, विपिन उपाध्याय तथा महिला आरक्षी प्रीति ने बच्चों को राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। संस्थान के संस्थापक संजय शर्मा ने कहा कि कुछ बच्चे दूर-दराज के क्षेत्रों से आते हैं। उन्हें यह अहसास नहीं होना चाहिए कि वे समाज से दूर हैं। इसी भावना के साथ विशेष सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बच्चों के बीच पहुंचकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने कहा कि समाज का कर्तव्य है कि वह इन बच्चों को कभी न भूले। ये बच्चे भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। कार्य समिति के पदाधिकारियों ने विशेष सुरक्षा बल के अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि विद्यालय में आकर उन्होंने बच्चों को अपनेपन का अहसास कराया। देश की सुरक्षा में लगे सभी अधिकारियों का यह प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक सनी यादव ने किया। इस दौरान शौर्य, अनुज, नितिन, पवन, शुभाष, आर्यन व शिवम सहित अन्य नेत्रहीन बालकों के साथ मोहिनी, सुषमा शर्मा, कमल श्रीवास्तव, सनी, हिमांशु, अवनीश आदि ने मिठाई बांटकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।








