शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना जनकपुरी पुलिस ने बलवा, हत्या के प्रयास, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमे में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया और उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को जनकनगर तकिया निवासी राजेश कुमार ने थाना जनकपुरी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि समीम, कासिम, अबरार, उजैफ, शेरु, आबिद, शवरेज, शाहवाज, सुफियान, अजहर, फारुख, शादाब, शाकिब, तसलीम, गालिब सहित कुछ अज्ञात लोगों ने एक राय होकर उनके तथा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और धारदार हथियारों से हमला किया। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी देने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने की घटना भी हुई।
मामले में थाना जनकपुरी पर मुकदमा संख्या 209/2026 धारा 191(2), 191(3), 115(2), 351(3), 109(1) बीएनएस, 7 सीएलए तथा धारा 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस तथा धारा 3(1)(द)(ध) एससी/एसटी एक्ट की भी बढ़ोतरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया। पुलिस अधीक्षक नगर एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जनकपुरी प्रदीप कुमार चीमा के नेतृत्व में पुलिस ने 29 अगस्त को दबिश देकर 10 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आबिद पुत्र अली हसन, अबरार पुत्र इकबाल, शवरेज पुत्र इस्लाम, शहवाज पुत्र सलीम, सुफियान पुत्र चांद, अजहर पुत्र नजीर, फारुख पुत्र आबिद, शादाब पुत्र मतलूब, शाकिब पुत्र मतलूब तथा तसलीम पुत्र वसीर अहमद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चीमा, उपनिरीक्षक विनय कुमार सहित थाना जनकपुरी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।








