यमुना में डूबे दोनों युवकों के शव तीसरे दिन बरामद

घटना स्थल से 15 किलोमीटर दूर कुंडाकलां क्षेत्र में मिले शव, परिजनों में मचा कोहराम

शहरी चौपाल ब्यूरो 

गंगोह। गांव दौलतपुर के पास यमुना नदी में नहाते समय डूबे दोनों युवकों के शव तीसरे दिन रविवार को घटना स्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर गांव कुंडाकलां क्षेत्र में यमुना नदी से बरामद हुए। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया गया कि गंगोह के मोहल्ला मुबारिक अली निवासी अनस, उस्मान (17), जैद (15) और फरदीन दौलतपुर गांव के सामने यमुना पुल के पास नहाने गए थे। चारों ने अपनी साइकिलें नदी किनारे खड़ी कीं और नहाने के लिए यमुना में उतर गए। नहाते समय अनस और फरदीन अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। दोनों के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा तलाश अभियान शुरू किया गया।

घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ फ्लड कंपनी के जवानों के अलावा स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की टीमें लगातार दोनों युवकों की तलाश में जुटी रहीं। यमुना में तेज बहाव और पानी की अधिक गहराई के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लगातार तीन दिन तक चले तलाश अभियान के बाद रविवार को दोनों युवकों के शव घटना स्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर कुंडाकलां क्षेत्र में यमुना से बरामद किए गए।

कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। यमुना में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों शव बहकर करीब 15 किलोमीटर दूर पहुंच गए थे। रविवार को दोनों के शव बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दोनों युवकों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया कि अनस और फरदीन दोनों गरीब परिवारों से थे और अपने-अपने परिवार के बड़े बेटे थे। अनस के पिता शमशाद सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अनस ने हिफ्ज किया हुआ था और मस्जिद में इमामत भी करता था। वहीं फरदीन के पिता इरशाद पेंटर का काम करते हैं और फरदीन भी परिवार की आर्थिक मदद करता था। दोनों युवकों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने तीन दिन तक चले तलाश अभियान में सहयोग करने वाली पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ फ्लड कंपनी, स्थानीय तैराकों एवं गोताखोरों की टीम तथा स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी ने परिवार के साथ खड़े रहकर लगातार दोनों युवकों की तलाश में प्रयास किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य