फैय्याज अली आब्दी
नानौता। नगर एवं क्षेत्र में चोरों की दस्तक से लोगों में चिंता बढ़ गई है। शनिवार देर रात नगर के दादा मिराजी रोड स्थित एक मकान में अज्ञात चोर चोरी की नीयत से घुस गए। मकान में आहट होने पर जाग हुए परिजनों ने परिचितों को फोन कर सूचना दी। लोगों के मौके पर पहुंचने पर खुद को घिरा देख चोर मकान की दीवार फांदकर फरार हो गए। वहीं, निकटवर्ती गांव बूंदुगढ़ में एक मकान से सोने-चांदी के जेवरात और 80 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है।
मोहल्ला चाहमंजली कोट निवासी शराफत हुसैन का मकान दादा मिराजी रोड पर स्थित है। वह अपने दो बेटों के परिवार के साथ मकान में रहते हैं। शनिवार देर रात अज्ञात चोर चोरी करने की नीयत से मकान में घुस गए। इसी दौरान शराफत हुसैन के पुत्र को मकान के अंदर चोरों की आहट महसूस हुई। उसने तत्काल अपने परिचितों को फोन कर मकान में चोर घुसने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिचित देर रात मकान के आसपास एकत्र हो गए और चोरों को घेरने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख चोर मकान की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए। परिजनों की सतर्कता के चलते मकान में चोरी से होने वाले नुकसान से बचाव हो गया।
घटना के बाद मोहल्लेवासियों में रोष है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग करते हुए रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रात के समय पुलिस की प्रभावी गश्त होने से इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
उधर, नानौता क्षेत्र के गांव बूंदुगढ़ निवासी वसीम पुत्र शफी ने थाने में नामजद तहरीर देकर चोरी की शिकायत की है। तहरीर के अनुसार रात करीब नौ बजे एक युवक उनके मकान में बने कमरे में घुस गया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 80 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी विकास चारण ने बताया कि दोनों घटनाओं की जानकारी मिली है। पीड़ितों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








