शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय किसान संघ जिला सहारनपुर के नेतृत्व में सोमवार को किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष चैधरी अनिल महला के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में किसानों ने सरकार से उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान संघ के प्रांत संगठन मंत्री सुनील ने कहा कि बढ़ती महंगाई और खेती की लागत को देखते हुए किसान सम्मान निधि की राशि छह हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये वार्षिक की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। जिलाध्यक्ष चैधरी अनिल महला ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, जबकि जमीन का सर्किल रेट बाजार भाव की तुलना में काफी कम है। उन्होंने मांग की कि किसानों की जमीन का अधिग्रहण बाजार भाव के अनुरूप सर्किल रेट निर्धारित करने के बाद ही किया जाए। ऐसा नहीं होने पर किसान संघ आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होगा। जिला कार्यालय मंत्री ने कहा कि किसानों के निजी नलकूपों की बिजली निशुल्क किए जाने के बावजूद कनेक्शन पर मीटर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने नलकूपों पर मीटर लगाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही अधिकारियों की जनसुनवाई और पब्लिक डीलिंग में सुधार की मांग उठाई। जिला सहमंत्री परीक्षित लाखनौर ने बजाज शुगर मिल पर किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए तत्काल भुगतान कराने तथा मिल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों का बकाया भुगतान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। भाकिसं पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और व्यापक करेगा। धरने में मोनू सैनी, देवेंद्र प्रधान, राजकुमार, दीपक त्यागी, बिट्टू चैधरी, संजय, अमरीश राणा, धर्मपाल, रणवीर राठौर, विशाल शर्मा, मोहित मास्टर, अरविंद, काला राणा, चरण सिंह प्रधान, ठाकुर राजपाल, किरण पाल, कंवरपाल सैनी, भूपेश चैधरी, सतपाल चैधरी, वीरेंद्र चैरा, रामपाल, इसम सिंह, प्रदीप चैधरी, अमरीश प्रधान, धर्मपाल शर्मा, परीक्षित चैधरी, विनीत, कुलदीप, मदनपाल, सोनू, सुशील, रमेश, मनोज पंवार, कप्तान सिंह, अजीत सिंह, अनुज, लक्ष्मण, मोहित चैधरी, अमित त्यागी, बिशु त्यागी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।








